ऑनलाइन उपस्थिति व अतिरिक्त कार्यों के विरोध में ग्राम पंचायत सचिवों का प्रदर्शन
दिसंबर 15, 2025
0
आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। बक्शा ब्लॉक मुख्यालय पर सोमवार की सुबह करीब 11 बजे ग्राम पंचायत सचिवों ने ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली और अतिरिक्त विभागीय कार्यों के विरोध में प्रदर्शन किया। केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर पंचायती राज एवं ग्राम्य विकास विभाग के सचिवों ने सांकेतिक हड़ताल जारी रखते हुए अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान सचिवों ने एडीओ आईएसबी प्रदीप श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा और ऑनलाइन उपस्थिति के लिए दिए गए डोंगल वापस कर दिए। सचिवों का कहना था कि मूल विभागीय कार्यों के अलावा अन्य विभागों के कार्य सौंपे जाने से कार्यभार बढ़ रहा है, जिससे कार्य प्रभावित हो रहा है। बैठक की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सचिव विजयभान यादव ने की। सचिव महेश तिवारी ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है और आगे की रणनीति नेतृत्व के अगले आदेश के अनुसार तय की जाएगी। प्रदर्शन में कमलेश खरवार, दिनेश सिंह, गौड़ गणेश, शिवम, शिवानी, लक्ष्मी, श्रीपति, आशीष यादव, अखिलेश कुमार सहित कई ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे।
Tags
