देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो के परिचालन में गत दिनों काफी दिक्कतें आई है। मंगलवार से लेकर आज तक देश भर में इंडिगो ने 1000 से अधिक उड़ानों को रद किया है। इसके कारण हवाई यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
दरअसल, इंडिगो के विमानों के कैंसिल होने के कारण दिल्ली, पुणे, मुंबई और हैदराबाद जैसे तमाम हवाई अड्डों पर लोगों की लंबी कतार देखने को मिली। यात्रियों के सूटकेस के ढेर एयरपोर्ट पर रखे नजर आए। इंडिगो की उड़ानों के कैंसिल होने का असर रेल पर देखने को मिल रहा है।
ट्रनों में बढ़ी यात्रियों की भीड़
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि उड़ानों के लगातार रद होने के कारण यात्री पर रेल सेवा की ओर रूख कर रहे हैं। इस कारण लंबी दूरी के मार्गों पर यात्रियों की मांग अचानक बढ़ गई है।
लंबी रूट्स की ट्रेनों में तेजी से भर रहे टिकट
देखा जा रहा है कि कई लंबी दूरी के रूट्स पर ट्रेनों में सीट अचानक भर रही है। वहीं, तत्काल टिकटों की बुकिंग पर भी असर देखने को मिला है, जो कुछ समय में ही समाप्त हो जा रही है।
बताया जा रहा है कि दिल्ली से कोलकाता, जयपुर, अहमदाबाद, प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, मुंबई, जम्मू, श्रीनगर, बेंगलुरु और चेन्नई की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या में असामान्य रूप से बढ़ोतरी देखने को मिली है।
इंडिगों ने दिल्ली से उड़ाने भरने वाली सभी उड़ानों को रद किया
इंडिगो ने आज दिल्ली से उड़ान भरने वाली सभी उड़ानों को रद कर दिया है। इस बात की जानकारी एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी। आज मध्यरात्रि तक के सभी विमानों को रद कर दिया गया है।
