देवल संवाददाता, बलिया कलेक्ट्रेट में मंगलवार को नागरिक विकास पार्टी के सदस्यों ने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सिंह ने मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति के क्रियान्वयन पर सवाल उठाए।
संतोष सिंह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हमेशा जीरो टॉलरेंस पर काम करने की घोषणा करते हैं, लेकिन उनके आदेशों का पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि पीड़ित जब थानों में जाते हैं, तो उनकी सुनवाई नहीं होती।
सिंह ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि तबादले के बाद वे मुकदमों में मनमाने ढंग से फाइनल रिपोर्ट (एफआर) लगाकर चले जाते हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे कई उदाहरण हैं जहां सात-आठ मुकदमे दर्ज होने के बावजूद एफआर लगा दी जा रही है, जो अत्यंत निंदनीय है।
उन्होंने भू-माफियाओं को संरक्षण मिलने का भी आरोप लगाया। सिंह ने कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री अतिक्रमण हटाने के निर्देश दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर भू-माफियाओं को लाभ मिल रहा है। पार्टी अध्यक्ष ने बताया कि वे पांच बिंदुओं पर एक ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो गरीबों को न्याय मिलने तक उनका धरना-प्रदर्शन और अनशन लगातार जारी रहेगा।