देवल संवाददाता, बलिया के गंगा बहुउद्देशीय सभागार में मंगलवार को सेवा निवृत्त कर्मचारी/अधिकारी कल्याण समिति द्वारा वरिष्ठ पेंशनर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 75 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठ पेंशनरों को सम्मानित किया गया।
मुख्य वरिष्ठ कोषाधिकारी आनन्द कुमार दूबे ने इन वरिष्ठ पेंशनरों को अंगवस्त्रम, सुन्दरकाण्ड का गुटका भेंट कर और माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि आनन्द कुमार दूबे ने अपने संबोधन की शुरुआत "तेरा राम जी करेंगे बेड़ा पार उदासी मन काहे को करे" भजन से की। उन्होंने बलिया को ऋषि-मुनियों और सेनानियों की धरती बताते हुए कहा कि यहां की मिट्टी में मेधा छिपी है।
दूबे ने बुजुर्गों को हमारा धरोहर बताया और कहा कि उनका सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से बुजुर्गों के अनुभव को अपने जीवन में उतारने का आग्रह किया, जिससे सफलता प्राप्त हो सके। वरिष्ठ कोषाधिकारी ने यह भी बताया कि वे पेंशनरों के लिए समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करते रहते हैं। ऐसे आयोजनों से न केवल बुजुर्गों का मार्गदर्शन मिलता है, बल्कि अमूल्य सलाह भी प्राप्त होती है।
इस अवसर पर आबिद अली ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्रख्यात लोकगीत गायक मुक्तेश्वर कुंवर ने अपने गीतों से उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। सेवा निवृत्त कर्मचारी/अधिकारी कल्याण समिति के अध्यक्ष बरमेश्वर पाण्डेय ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अविनाश उपाध्याय ने किया।
