देवल संवाददाता, मऊ। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा जारी पत्र के अनुसार 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी कुश्ती प्रतियोगिता (अंडर-17/अंडर-19, बालक/बालिका वर्ग) का आयोजन 08 दिसंबर से 12 दिसंबर 2025 तक वीर लोरीक स्टेडियम,बलिया (उ०प्र०) में किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश टीम के बालक वर्ग के कोच के रूप में सुबेदार प्रसाद यादव,सहायक अध्यापक,इंटर कॉलेज बोझी, मऊ को नियुक्त किया गया है।इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से चयनित अंडर-17 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका प्रतिभाग करेंगे। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मऊ जनपद के वरिष्ठ खेल प्रशिक्षक सुबेदार यादव को सौंपी गई है,जो कि जनपद के लिए गौरव का विषय है।सुबेदार प्रसाद यादव बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से बीपीएड डिग्री धारक हैं और विद्यालयी खेलों के क्षेत्र में वर्षों से उत्कृष्ट सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं। वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की पूर्व प्रतियोगिताओं में अंपायर के रूप में भी अपनी दक्षता दिखा चुके हैं। खेलों के साथ-साथ वे सामाजिक व पर्यावरणीय गतिविधियों में भी सक्रिय रहते हैं, विशेष रूप से पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।उनकी निष्ठा,अनुशासन,समर्पण और खेलों में उत्कृष्ट अनुभव को देखते हुए उन्हें यह राष्ट्रीय दायित्व सौंपा गया है। उनके चयन पर मऊ जनपद के शिक्षकों,विद्यार्थियों, खेल प्रेमियों तथा स्थानीय जनता ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।
