देवल संवाददाता, मऊ। आजमगढ़ के पुरातन क्रिश्चियन वेस्ली इंटर कॉलेज के भव्य प्रांगण में राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में 53वीं मंडल स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में आजमगढ़ मंडल के मऊ, आजमगढ़ तथा बलिया के विभिन्न विद्यालयों के बाल वैज्ञानिकों ने अपने क्रियाशील और अक्रियाशील मॉडल प्रस्तुत किए।प्रदर्शनी का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीत पोर्टर ने करते हुए अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नवाचार की भावना जगाते हैं। प्रदर्शनी के निर्णायक मंडल में भौतिक विज्ञान वरिष्ठ प्रवक्ता राहुल सिंह,गणित अध्यापक तेज बहादुर सिंह तथा रेडियो एवं संचार प्रवक्ता मोहम्मद जमालुद्दीन ने मॉडलों का मूल्यांकन वैज्ञानिक दृष्टिकोण,नवाचार, सामाजिक उपयोगिता और प्रस्तुतीकरण के आधार पर किया। इस वर्ष प्रतियोगिता का मुख्य विषय "विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत' (Developed and Self-reliant India) के STEM (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, गणित)" है। मुख्य विषय के अंतर्गत सात उपविषयों में अपनी प्रतिभा का डंका बजाते हुए मऊ के 15 प्रतिभागियों ने विभिन्न वर्गों में वाराणसी में पीएमश्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में होंने वाली राज्य स्तरीय प्रदर्शनी (16-19 दिसंबर) मैं स्थान बनाया है। जूनियर संवर्ग में सोनी धापा खंडेलवाल बालिका इंटर कॉलेज की 6 छात्राओं रंजना खरवार ने हरित ऊर्जा, जाह्नवी मद्धेशिया ने कचरा प्रबंधन, मनोरंजक गणितीय मॉडलिंग में रूबी मद्धेशिया,चिरस्थाई खेती में सौम्या रावत,स्वास्थ्य एवं स्वच्छता में निशु मद्धेशिया तथा जल संरक्षण व प्रबंधन में हर्षिता श्रीवास्तव ने अपने स्थिर प्रदर्शनों के साथ राज्य में स्थान बनाया। सीनियर संवर्ग में फलक खातून ने कचरा प्रबंधन, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता में खुशी मद्धेशिया तथा हरित ऊर्जा में रजनी त्रिपाठी ने तथा अध्यापक संवर्ग में ऋचा त्रिपाठी ने कचरा प्रबंधन तथा प्लास्टिक के विकल्प उपविषय में अपने मॉडल प्रस्तुत करते हुए राज्य में स्थान सुरक्षित किया। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक विधि चंद्र यादव ने किया।