देवल संवाददाता, आज़मगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के अतरडीहा गांव की सीवान में मंगलवार दिन में करीब एल बजे धान का बोझ लेकर नदी पार कर रही 30 वर्षीय महिला डूब गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर चौकी प्रभारी माहुल श्यामकुमार दुबे और थानाध्यक्ष अहरौला प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम हेतु मंडलीय चिकित्सालय भेज दिया।
मृतका रंजना राजभर 32 वर्ष सुल्तानपुर जिले के अखंडनगर थाना क्षेत्र के मुरादाबाद सरहुरपुर गांव की निवासी थी और चार माह पहले से अपने पिता तीजू राजभर के घर अतरडीहा में रह रही थी। मंगलवार को वह अपनी भाभी पुष्पा के साथ ओंगरी नदी के पार स्थित खेत में धान काटने गई थी।
दोपहर करीब एक बजे रंजना धान का बोझ सिर पर रखकर घर लौट रही थी। नदी पार करते समय उसका पैर फिसल गया और वह डूबने लगी। ननद को डूबता देख भाभी पुष्पा ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग मदद के लिए दौड़े। जब तक ग्रामीण रंजना को पानी से बाहर निकालते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने शव को बाहर निकालकर किनारे रखा और परिजनों व ससुराल पक्ष को सूचना दी। दोनों पक्षों की सहमति के बाद पुलिस ने शाम करीब चार बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के एक चार वर्षीय पुत्र के सिर से माँ का साया उठ गया।
