देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिला मुख्यालय के प्रमुख शहर सोनभद्र नगर में सपा शासन काल में निर्मित करीब तीन किमी लंबा फ्लाईओवर से उत्पन्न जनसमस्याओं को लेकर सदर विधायक भूपेश चौबे ने सूबे के मुख्यमंत्री से मुलाकात किया। गत शुक्रवार को विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर जनपद की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने जनहित की सभी समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराए जाने का आश्वासन दिया है।
सदर विधायक भूपेश चौबे ने मुख्यमंत्री योगी के संज्ञान में लाया है कि सपा शासनकाल में उपसा कंपनी द्वारा वाराणसी-शक्तिनगर हाइवे मार्ग के निर्माण के दौरान जिला मुख्यालय के प्रमुख शहर सोनभद्र नगर में करीब तीन किमी लंबा फ्लाईओवर का निर्माण कराया गया है। गलत तरीके से कराए गए फ्लाईओवर के निर्माण से आम जनमानस को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि फ्लाईओवर के निर्माण के दौरान लोगों द्वारा काफी विरोध प्रदर्शन किया गया था। बताया कि गलत तरीके से बनाए गए फ्लाईओवर से नगर में जल भराव की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। उपसा कंपनी के लोगों द्वारा न तो फ्लाईओर के नीचे सर्विस लेन का सही ढंग से निर्माण कराया जा रहा है और न ही हाइवे पर लोगों को जरूरी सुबिधाएं ही मुहैया करायी जा रही है। फ्लाईओवर के नीचे सर्विस लेन गड्ढ़ों में तब्दील होने से लोगों को आवागमन में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग पर जल भराव होने से आएदिन हादसे हो रहे हैं। इसके अलावा विधायक ने जनपद की अन्य प्रमुख समस्याओं से भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को रूकरू कराया। कहा कि जिले में कुछ अन्य संपर्क मार्गों के निर्माण में भी कार्यदायी संस्थाएं व्यापक रूप से लापरवाही बरत रही हैं। जिस पर कार्रवाई होना आवश्यक प्रतीत होता है। सदर विधायक भूपेश चौबे ने नवंबर माह में आदिवासियों के भगवान कहे जाने वाले जननायक बिरसा मुंडा की जयंती पर होने वाले कार्यक्रम के लिए भी मुख्यमंत्री को सोनभद्र आने का आग्रह किया। विधायक ने कहा कि सरकार की तमाम जनकल्याणकारी योजनाएं जनपद में संचालित हैं। विधायक ने महाविद्यालय के साथ ही बालिकाओं की शिक्षा के लिए अलग से कालेजों की स्थापना कराए जाने का अनुरोध किया। सदर विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराए जाने का आश्वासन दिया है।
.jpeg)