देवल संवाददाता, आजमगढ़। हरिऔध कला भवन में बुधवार को आयोजित भाजपा के आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान–महिला सम्मेलन में उस वक्त हंगामा मच गया जब पार्टी की ही एक महिला पदाधिकारी ने मंच पर खड़े होकर प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी के सामने भाजपा नेताओं पर महिलाओं के शोषण का आरोप लगा दिया। घटना के बाद समाजवादी पार्टी ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि नारी सम्मान का दावा करने वाली भाजपा खुद अपनी महिलाओं का सम्मान नहीं कर पा रही।
गुरुवार को भाजपा महिला सभा की एक पदाधिकारी ने कार्यक्रम के बीच खड़े होकर मीडिया और प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी की मौजूदगी में आरोप लगाया कि जिले में भाजपा के नेता महिलाओं का शोषण कर रहे हैं। घटना के तुरंत बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिस पर विपक्ष ने सरकार और संगठन दोनों को घेर लिया।
सपा प्रवक्ता अशोक यादव ने कहा कि भाजपा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे भ्रामक और खोखले नारे देकर जनता को गुमराह कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार महिलाओं के खिलाफ अपराधों में उत्तर प्रदेश नंबर वन है।
सपा प्रवक्ताओं ने तंज किया कि भाजपा में नारी शोषण चरम पर है और नारी सम्मान का दावा केवल भाषणों और पोस्टरों में सिमट गया है।
