देवल, ब्यूरो चीफ,अनपरा / सोनभद्र। आगामी 9 जुलाई को प्रस्तावित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में सीटिया (सीटू) ने ककरी श्रमिक मनोरंजन केंद्र में जागरूकता आमसभा का आयोजन किया। इस आयोजन में सीटिया (सीटू) के राष्ट्रीय महासचिव बीके पटेल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए पटेल ने कहा कि आज मजदूर वर्ग असंगठित क्षेत्र के श्रमिक और कोल इंडिया जैसे सार्वजनिक उपक्रमों के कर्मचारी एक बड़े संकट के दौर से गुजर रहे हैं। सरकार द्वारा हर क्षेत्र में तेजी से निजीकरण किया जा रहा है। कोयला जैसे रणनीतिक उद्योग को कॉर्पोरेट घरानों के हाथों बेचा जा रहा है, जिससे मजदूरों के अधिकारों पर सीधा हमला हो रहा है। सीटिया (सीटू) इस परिस्थिति में मजदूरों की आवाज को बुलंद करने के लिए देशभर में संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जबरन लागू की गई चारों श्रम संहिताएं मजदूर विरोधी हैं और इनका उद्देश्य कॉर्पोरेट हितों को साधना है। सीटिया (सीटू) पहले दिन से ही इन संहिताओं का मुखर विरोध कर रही है। क्योंकि इन कोड्स से असंगठित क्षेत्र के करोड़ों श्रमिक सामाजिक सुरक्षा के दायरे से बाहर हो जाएंगे। न्यायालयों की भूमिका को सीमित किया गया हैं। कार्य दिवस को 8 घंटे से बढ़ाकर 12 घंटे किया जा रहा है। यूनियन बनाने और हड़ताल करने के अधिकार पर प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं। फिक्स्ड टर्म एम्प्लॉयमेंट के जरिए श्रमिकों को अस्थाई बना कर उन्हें ग्रेच्युटी और मुआवजे से वंचित किया जा रहा है। सीटिया (सीटू) के नेतृत्व में आयोजित इस सभा में जोर देकर कहा गया कि यह हड़ताल केवल विरोध नहीं, बल्कि हमारे अधिकारों, सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की लड़ाई है। कहा कि चारों श्रम संहिता को रद्द करने, 12 घंटे कार्यदिवस की नीति वापस लेने, कोल इंडिया सहित सभी क्षेत्रों में निजीकरण बंद करने सहित आदि मांगों को लेकर विरोध किया जाएगा। इस मौके पर सीटिया (सीटू) ककरी शाखा अध्यक्ष
सर्वेश सिंह, प्रकाश पटेल, अरविंद शाह, विजय कुमार झां, प्रशांत सिंह, ललित कुमार, मनोज शर्मा, सत्य प्रकाश, रामआसरे पटेल आदि मौजूद रहे।