भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले जा रही टेस्ट सीरीज के बीच वरुण एरोन को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। भारतीय तेज गेंदबाज को आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद ने गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने एक्स पर इस बात की जानकारी दी है। वरुण ने अपने करियर में 9 टेस्ट और इतने ही वनडे मैच खेले थे।
सनराइजर्स हैदराबाद ने एक्स पर लिखा, हमारे कोचिंग स्टाफ में एक जबरदस्त जुड़ाव! वरुण एरोन का हमारे नए बॉलिंग कोच के रूप में स्वागत है!
इंटरनेशनल क्रिकेट में वरुण के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 9 टेस्ट की 14 पारियों में 18 विकेट चटकाए थे। इस दौरान वरुण की औसत 52.61 की और इकोनमी 4.77 की रही। 3/97 एक टेस्ट मैच में उनका बेस्ट स्कोर है। उन्होंने नवंबर 2011 में टेस्ट डेब्यू किया था। वहीं 2015 में वह आखिरी बार टेस्ट खेलते नजर आए थे।