देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार-।। ने आज विश्व पर्यावरण दिवस, एक पेड़ मां के नाम तथा पर्यावरण संरक्षण के सम्बन्ध में आयोजित गोष्ठी का शुभारंभ सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।
जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण पर संदेश देने वालों को हार्दिक बधाई दी। उन्होने कहा कि इस साल का थीम एन्टी प्लास्टिक पलूशन है। उन्होने कहा कि इसके बारे में लगभग 50 वर्ष पहले 1973 में विश्व स्तर पर ये विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया था। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के संबंध में सबसे पहले जन सामान्य को लाभ एवं हानि के बारे में स्पष्ट पता होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाने से प्रकृति का संरक्षण होता है तथा इससे भूगर्भ जल स्तर में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि नदियों/तालाबों/पोखरों से भूगर्भ जल रिचार्ज होता है। जिलाधिकारी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट एवं एनजीटी का स्पष्ट निर्देश है कि पराली न जलाई जाए। पराली जलाए जाने पर श्वास की बीमारी होती है, यदि पेड़ अधिक होंगे तो ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी तथा श्वास की बीमारी नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्लास्टिक से बने उत्पादों का प्रयोग न करें, उसके बदले कपड़े/कागज एवं मिट्टी के बने थैले एवं उत्पादों का प्रयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक के प्रयोग से स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि पत्तों का दोना, मिट्टी का कुल्हड़ चाय के लिए प्रयोग करें। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अभिभावकों को जागरूक करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का सामान प्रयोग करके लोग फेंक देते हैं, जो जानवरों एवं मछलियों के पेट में जाकर प्रदूषण पैदा करता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि सब लोग प्रकृति/पर्यावरण को बचाने के लिए आगे आए हैं, इसके लिए एक पेड़ मां के नाम लगायें। पराली न जलायें, भविष्य के लिए अभी से जागरूक रहें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण/वातावरण को संरक्षित करने के लिए कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान के लिए डीएफओ ने इस वर्ष 70 लाख पौधे नर्सरी में लगवाए हैं। उन्होंने छात्र छात्राओं से कहा कि नर्सरी से फ्री में पौधे लें, लगायें एवं उसे संरक्षित करें। उन्होंने कहा कि यदि एक पेड़ को संरक्षित करेंगे, तो उसका फल पूरे जीवन में मिलेगा।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने 15 से 21 जून तक आयोजित होने वाले योग सप्ताह की जानकारी देते हुए कहा कि सभी लोग योग करें, निरोग रहें। उन्होंने कहा कि सभी तहसील, ब्लाक, ग्राम पंचायत में योग का आयोजन होगा, जिसमें अधिक से अधिक आम जनमानस प्रतिभाग करें। जिला स्तर पर योग के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन चंद्रमा ऋषि आश्रम पर आयोजित किया जाएगा। इसमें अधिक से अधिक संख्या में लोग आयें। उन्होंने कहा कि योग की फोटो आयुष ऐप पर अपलोड करें, अच्छी फोटो को इनाम भी मिलेगा। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने गंगा दशहरा, विश्व पर्यावरण दिवस तथा मा0मुख्यमंत्री जी का आज जन्म दिवस होने की सबको हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए बच्चों, छात्र/छात्राओं द्वारा नाटक के माध्यम से संदेश दिया गया।
जिलाधिकारी द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले छात्र/छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री परीक्षित खटाना, डीएफओ श्री जीडी मिश्र, जिला विकास अधिकारी श्री संजय कुमार सिंह ने भी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के सम्बन्ध में संबोधित किया। डायट प्राचार्य ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर डीसी मनरेगा श्री राम उद्रेज यादव, प्राचार्य डॉयट सहित संबंधित अधिकारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।