देवल संवाददाता,आजमगढ़ ।जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. अशोक कुमार और डिप्टी CMO डॉ. अरविंद चौधरी के खिलाफ जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है(दैनिक देवल)। पत्र में दोनों अधिकारियों पर फर्जी नियुक्तियों, अस्पतालों से अवैध वसूली, और भ्रष्टाचार में संलिप्तता के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि डिप्टी CMO डॉ. अरविंद चौधरी को लेवल-3 के डॉक्टर होने के बावजूद निजी अस्पतालों का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया, जबकि जनपद में लेवल-4 के डॉक्टर मौजूद हैं। आरोप है कि डॉ. चौधरी ने निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम, पैथोलॉजी, और क्लीनिक को पहले सीज करवाया, फिर उनसे 20,000 से 50,000 रुपये प्रतिमाह की वसूली की। इसके समर्थन में वसूली से संबंधित बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी जिलाधिकारी को सौंपी गई है।
ध्रुव कुमार सिंह ने दावा किया कि डॉ. अशोक कुमार और डॉ. अरविंद चौधरी ने मिलकर 100 से अधिक आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की नियुक्ति में प्रति कर्मचारी 2.5 से 3 लाख रुपये की वसूली की। इसके अलावा, पुलिस भर्ती में मेडिकल रिपोर्ट के नाम पर लाखों रुपये की उगाही का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायती पत्र में न्यू आयुष नर्सिंग होम, लालगंज का मामला विशेष रूप से उठाया गया। आरोप है कि CMO के आदेश पर इस नर्सिंग होम को सीज किया गया, लेकिन बाद में डॉ. अरविंद चौधरी ने संचालक अभिषेक कुमार सरोज से 70,000 रुपये की रिश्वत लेकर इसे फिर से संचालित करने की अनुमति दी। इतना ही नहीं, अभिषेक कुमार सरोज के पास कोई मेडिकल डिग्री न होने के बावजूद उन्हें फर्जी तरीके से डॉक्टर बनाकर अस्पताल का रजिस्ट्रेशन कराया गया। इस रिश्वत की बातचीत की रिकॉर्डिंग भी साक्ष्य के तौर पर सौंपी गई है(दैनिक देवल)। भाजपा जिलाध्यक्ष ने डॉ. अरविंद चौधरी पर 18 साल से आजमगढ़ में तैनात रहने का आरोप लगाया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी (CDO) परीक्षित खटाना के नेतृत्व में डीडीओ संजय कुमार सिंह और मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव की तीन सदस्यीय टीम को जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो पाएगी।