देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। भाजपा सांसद के विवादित बयान को लेकर रविवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर के स्वर्ण जयंती चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के उक्त मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा सांसद रामचन्द्र जांगडा के विवादित बयान जिनका सिंदूर छिन गया उनमें वीरांगना का भाव नहीं था, से खफा सपाईयों ने प्रदर्शन किया। सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि आएदिन भारतीय जनता पार्टी के लोग महिलाओं पर विवादित बयानबाजी कर रहे हैं। अभी हाल में ही कर्नल सोफिया को पाकिस्तान की बहन बताना दुर्भाग्यपूर्ण रहा। मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम ने देश की सेना को प्रधानमंत्री के चरणों में नतमस्तक होने की बात कही थी। कहा कि एक तरफ भाजपा सरकार नारी शक्ति, नारी वंदन, महिला सशक्तिकरण की बात करती है, तो वहीं दूसरी तरफ भाजपा सरकार में उच्च पद पर बैठे लोगों द्वारा खुलेआम विवादित बयान देकर नारी का अपमान कर रहे हैं। कहा कि हमें देश की सेना पर गर्व है, जिस तरीके से पहलगाम घटना को लेकर सेना ने अपना पराक्रम दिखाया, उससे हर देशवासियों का मनोबल बढ़ा है। अंत में उन्होंने महिलाओं पर विवादित बयानद`ने वाले सांसद से इस्तिफा देने की मांग किया। मनीष त्रिपाठी, सुरेश अग्रहरि ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा है। मुन्ना कुशवाहा, जुनैद अंसारी ने कहा कि भाजपा सरकार नारी सशक्तिकरण की बात करती है, वास्तविकता में देखा जाए तो यही भारतीय जनता पार्टी के लोग नारी का अपमान लगातार कर रहे हैं। भाजपा सरकार में लगातार महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं लेकिन यह सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। इस मौके पर विमलेश विश्वकर्मा, कन्हैया प्रजापति, विनोद यादव, गोपाल गुप्ता, धीरज कुमार भारती, जय कुमार भारती, सुरेंद्र बियार, नौशाद खान आदि मौजूद रहे।