कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।नेहा जैन विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक नोडल अधिकारी अंबेडकर नगर द्वारा जनपद के भ्रमण कार्यक्रम के तीसरे दिन आज विकासखंड जलालपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बासिया में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए गए कार्यों का भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी द्वारा अधिशाषी अभियंता जल निगम, ग्राम प्रधान एवं संबंधित कार्य संस्था विंध्याटेलीलिंक से पूरे गांव में हर घर नल योजना के अंतर्गत प्रत्येक घर तक पाइपलाइन बिछाने की स्थिति एवं नल संयोजन की स्थिति आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। इस दौरान ग्राम प्रधान द्वारा अवगत कराया गया कि ग्राम पंचायत में कुछ स्थानों पर निजी भूमि से संबंधित विवाद के कारण कुछ घरों तक पाइपलाइन अभी तक नहीं पहुंची है। प्रधान ने बताया कि हौसिला नाऊ के घर से सुरेश नाऊ के घर तक तथा छोटेलाल के खेत से दुर्बली निषाद के घर तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य नहीं किया गया है। जिससे अभी तक 13 परिवारों/घरों तक नल संयोजन नहीं किया जा सका है। जिस पर नोडल अधिकारी द्वारा संबंधित उप जिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी को समस्या का त्वरित निराकरण करा कर सभी परिवारों को नल संयोजन से आच्छादित करने हेतु निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ जगह/मार्गों पाइप डालने के उपरांत रोड रेस्टोरेशन का कार्य गुणवत्तापूर्ण नहीं पाए जाने पर अधिशाषी अभियंता जल निगम को निर्देशित किया गया कि इसे जल्द से जल्द ठीक कराया जाए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइप डालने के दौरान क्षतिग्रस्त मार्गो के रेस्टोरेशन का कार्य जल जीवन मिशन के द्वारा ही कराया जाए। उन्होंने ग्राम प्रधान तथा ग्राम पंचायत सचिव को सख्त निर्देश दिए गए कि ग्राम पंचायत निधि का उपयोग जल जीवन मिशन में टूटे मार्गों के रेस्टोरेशन में किसी भी दशा में न किया जाए।
इसके उपरांत नोडल अधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत मालीपुर में जल जीवन मिशन की 2022 की परियोजना का निरीक्षण किया गया। यह परियोजना अभी तक पूर्ण नहीं हो पाई है, इसमें टंकी भी नहीं लगी है। नोडल अधिकारी द्वारा अधिशाषी अभियंता जल निगम से परियोजना के बारे में पूछा गया कि यह परियोजना कितने दिनों में कार्य पूर्ण होना चाहिए। अधिशाषी अभियंता द्वारा अवगत कराया गया कि 18 माह में पूर्ण होना चाहिए, परंतु यह परियोजना अभी तक पूर्ण नहीं हो पाया। अधिशासी अभियंता ने बताया कि परियोजना में दो बार बोर का कार्य असफल होने के कारण परियोजना में देरी हो रही है तीसरी बार बोर का कार्य किया जा रहा है। परियोजना के पूर्ण होने में देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नोडल अधिकारी महोदया द्वारा अगले 6 माह में परियोजना का कार्य पूर्ण कराने हेतु कार्यदाई संस्था को निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में जिन घरों एवं परिवारों को शुद्ध जलापूर्ति हेतु नल संयोजन का कार्य अभी तक नहीं किया गया है उन सभी घरों का नल संयोजन का कार्य तत्काल पूर्ण किया जाए। उन्होंने अधिशाषी अभियंता जल निगम को सख्त हिदायत दिए कि पाइप डालने के बाद जो भी रास्ते खराब हो गए हैं, उन्हें जल्द से जल्द ठीक कराया जाए। उन्होंने कहा कि रोड रेस्टोरेशन सहित योजना के समस्त कार्यों में गुणवत्ता एवं विशिष्टियों का विशेष ध्यान दिया जाए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर कार्यवाही संस्था विंध्याटेलीलिंक द्वारा अवगत कराया गया कि ग्राम पंचायत में पर्याप्त संख्या में मानव संसाधन एवं मशीनरी लगाई गई है, नोडल अधिकारी के अपेक्षा के अनुरूप समस्त कार्यों को अपेक्षित समय में पूर्ण कर लिया जाएगा।
इस दौरान नोडल अधिकारी
द्वारा ग्राम पंचायत मालीपुर के ग्राम पंचायत सचिवालय का भी भौतिक निरीक्षण किया गया। सचिवालय में उपस्थित पंचायत सहायक से आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, अन्य प्रमाण पत्र तथा अन्य कार्यों के बारे में जानकारी लिया गया। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, अनिल कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम तथा कार्य दाई संस्था मौके पर उपस्थित रहे।