इसी महीने की 19 तारीख से पाकिस्तान और दुबई की संयुक्त मेजबानी में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी खेली जानी है। काफी विवादों और तैयारी में लेट लतीफी के साथ पाकिस्तान इस आयोजन के लिए तैयार है। आईसीसी ने शुक्रवार को इस टूर्नामेंट के थीम सॉन्ग को बी लॉन्च कर दिया।
पाकिस्तान के मशहूर गायक आतिफ असलम ने ये गाना गाया है और इस गाने के बोल हैं 'जीतो बाजी खेल के'। इस गाने को प्रोड्यूस किया है अब्दुल्लाह सिद्दीकी ने और इसे लिखा है अदनान धूल-असफंदयार असद की जोड़ी ने। इस गाने को पाकिस्तान की गलियों, स्टेडियम में शूट किया गया है।
भारत-पाकिस्तान मैच का इंतजार
आतिफ ने इस मौके पर कहा है कि वह क्रिकेट के बहुत बड़े फैन हैं और भारत-पाकिस्तान मैच का हमेशा से इंतजार करते हैं। उन्होंने कहा, "मैं क्रिकेट का बहुत बड़ा फैन हूं। मैं एक तेज गेंदबाज बनना चाहता था। मैं इस खेल को समझता हूं और मुझे इस खेल का जुनून है। एक फैन के तौर पर जब दर्शक मैदान पर चीयर करते हैं तो मैं उनसे अपने आप को जोड़ सकता हूं। मुझे खासतौर पर भारत-पाकिस्तान मैच का इंतजार रहता है जो भावनाओं से भरा रहता है।"
आतिफ वो सिंगर हैं जिन्होंने भारत में भी अपने गानों से धूम मचाई थी। उनके कई गाने आज भी भारत में काफी मशहूर हैं। इस गाने में भी आतिफ ने कोशिश है कि वह अपी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन कर सकें।
मंच है तैयार
भारत ने इस टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान जाने से मना किया था। इसका कारण सुरक्षा थी। इसी के चलते काफी विवाद हुआ था और फिर आईसीसी ने फैसला किया कि भारत के मैच दुबई में कराए जाएंगे। अगर भारत सेमीफाइनल और फाइनल में भी पहुंचता है तो भी ये मैच दुबई में खेले जाएंगे। भारत और पाकिस्तान का मैच 23 फरवरी को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है।
