देवल संवाददाता, गोरखपुर ।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का महाशिवरात्रि पर्व पर बुधवार सुबह से ही अनुष्ठान जारी रहा। इसके साथ ही शहर के अंधियारी बाग स्थित मानसरोवर मंदिर में सबसे पहले सीएम योगी ने पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधि पूर्वक पूजा अर्चना की।
इसके बाद वह राजघाट स्थित बाबा मुक्तेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ काजल अभिषेक कर फल फूल इत्यादि अर्पण किया। मंदिर के बाहर निकल कर उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत कर महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दी। इसके बाद कुनराघाट घाट स्थित महादेव झारखंडी मंदिर पहुंचे जहां वैदिक मंत्र उच्चारण के बीच उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक कर लोक कल्याण की कामना की।
राजघाट में बाबा मुक्तेश्वर नाथ मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाशिवरात्रि का यह पावन पर्व है। प्रयागराज में काशी में तथा सभी शिवालयों के साथ प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि महादेव कल्याण के देवता हैं। सबके कल्याण का भाव रखते हैं।
उनकी कृपा दृष्टि से ही यह सभी व्यवस्था संचालित हो पाती है। अपार श्रद्धा भाव के साथ श्रद्धालु जन यहां दर्शन कर रहे हैं। हर शिवालय में अपार भीड़ है। आस्था भारत की एकात्मता का प्रतीक है। इस आस्था को मैं नमन करता हूं। महाकुंभ प्रयागराज में अपार भीड़ है। 13 जनवरी से प्रारंभ हुआ महाकुंभ प्रयागराज आज पूर्णाहुति को प्राप्त करेगा।
लगभग 66 करोड़ श्रद्धालु जन मां गंगा, मां यमुना व मां सरस्वती कि त्रिवेणी में डुबकी लगाकर राष्ट्रीय एकात्मकता का एक संदेश दे रहे हैं। और वसुधैव कुटुंबकम के भाव के साथ हर एक श्रद्धालु जन को राष्ट्रीयता के भाव से समर्पण करने की एक प्रेरणा भी प्रदान कर रहे हैं। पावन स्नान पर हृदय से उनका अभिनंदन करते हैं।
बाबा विश्वनाथ धाम काशी में लाखों की संख्या में श्रद्धालु जन पिछले डेढ़ महीने से लगातार 8 से 10 लाख श्रद्धालु प्रतिदिन बाबा विश्वनाथ धाम में दर्शन कर रहे है। आज महाशिवरात्रि है। अयोध्या धाम में भी यही स्थिति है। 8 से 10 लाख श्रद्धालु प्रतिदिन वहां राम जन्मभूमि पर रामलाल के दर्शन कर रहे हैं। अयोध्या धाम में भी अपार भीड़ है।
प्रदेश के सभी शिव मंदिरों में यही स्थिति है। गाजियाबाद में बाबा दूधेश्वर नाथ धाम में भीड़ है। बरेली तो नाथनगरी के नाम से विख्यात है। उन्होंने विभिन्न शिवालयों के नाम व महत्व को भी बताया। कहा कि हम विभिन्न शिवालयों में दर्शन कर रहे श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हैं। मानसरोवर मंदिर ,बाबा मुक्तेश्वर नाथ मंदिर समेत अन्य मंदिरों में काफी भीड़ है।
उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि जिस लोक कल्याण की भाव की प्रेरणा महादेव से हम सबको प्राप्त होती है, उसे लोक मंगल की कामना से हम लोग अपने समाज के लिए अपने राष्ट्र के लिए समर्पण भाव के साथ कार्य कर पाएंगे।