कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।
एक मुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का लाभ जनपद के तीन लाख 49 हजार 528 उपभोक्ताओं को मिल सकेगा। इन उपभोक्ताओं पर छह अरब 84 करोड़ रुपये का बकाया है। ये ऐसे उपभोक्ता हैं जिन पर पांच हजार रुपये से अधिक का बिजली का बिल बकाया है। इन्हीं उपभोक्ताओं को योजना के तहत बिल पर लगने वाले ब्याज में छूट मिल सकेगी।पहले चरण में एक किलोवाट के एक लाख से अधिक उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिल सकेगा। जनपद के आखिरी छोर तक 42 उपकेंद्रों के माध्यम से बिजली विभाग आपूर्ति पहुंच रहा है। वर्तमान में इन बिजली घरोंं पर चार लाख 30 हजार से अधिक उपभोक्ता पंजीकृत हैं। इनमें से एक लाख ही उपभोक्ता नियमित बिजली का बिल जमा कर रहे हैं। तीन लाख 49 हजार 528 उपभोक्ता हैं जो अपना नियमित बिजली का बिल नहीं जमा कर रहे हैं। इनके ऊपर पांच हजार या इससे अधिक का बिजली बिल बकाया है।एक किलोवाट भार के एक लाख से अधिक उपभोक्ताओं के ऊपर 21 करोड़ 99 लाख रुपये का बिजली बिल लंबित है। पंजीयन कराने पर योजना का लाभ पा सकेंगे। इसके अलावा दो किलोवाट भार वाले 30 हजार से अधिक उपभोक्ता एक अरब 71 करोड़ रुपये का बिल दबाए बैठे हैं। अस्पताल समेत अन्य निजी संस्थाओं पर 14 करोड़ रुपये की बकायेदारी है। व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर सबसे अधिक चार अरब 77 करोड़ रुपये की बकायेदारी है।अधिशासी अभियंता आलापुर एके यादव ने बुधवार को बिजली घर पर उपभोक्ताओं के साथ बैठक की। सभी को ओटीएस में पंजीयन कराकर लाभ उठाने के लिए जागरूक किया। प्रभारी अधीक्षण अभियंता संजय कुमार ने बताया कि पहले चरण में 15 से 31 दिसंबर तक एक किलोवाट भार वाले ऐसे उपभोक्ता जिनपर पांच हजार रुपये से अधिक की बकायेदारी है, वे योजना के तहत पंजीयन कराकर लाभ उठा सकते हैं।
