कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।
उठान न हो पाने से केंद्रों पर खरीदा जा रहा धान गोदामों में डंप पड़ा है। उठान कार्य में हो रही मनमानी धान खरीद पर भारी पड़ रही है। इससे केंद्रों पर धान खरीद की रफ्तार भी जोर नहीं पकड़ पा रही है। मंडी समिति समेत ज्यादातर केंद्रों के गोदाम हाउसफुल हो चुके हैं। धान की ढुलाई में लापरवाही के लिए उठान कार्य से जुड़ी चार फर्मों को नोटिस जारी कर काली सूची में डालने की चेतावनी भी दी गई है।जिले में अब तक ढाई लाख क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है। इसके सापेक्ष मात्र 57 हजार क्विंटल धान की उठान गोदामों से हो सकी है। ऐसे में उठान न हो पाने से एक लाख 96 हजार क्विंटल धान क्रय केंद्रों पर डंप पड़ा है। खरीदे गए धान के भंडारण की व्यवस्था न होने से बीते कई दिनों से क्रय केंद्रों पर हो रही धान की खरीद भी थम गई है। किसानों को अपना धान बेचने के लिए क्रय केंद्रों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।धान की खरीद के लिए जिले में छह एजेंसियों के 88 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इन्हें 13 लाख 60 हजार क्विंटल खरीद का लक्ष्य मिला है। तीन दिसंबर तक सभी क्रय केंद्रों ने दो लाख 53 हजार 250 क्विंटल धान की खरीद कर ली है। हालांकि धान की ढुलाई का कार्य नहीं हो पा रहा। क्रय केंद्रों से संबंधित राइस मिल पर धान की कुटाई के लिए उसे भेजे जाने को निजी संस्थाएं अधिकृत की गई है।खाद्य विभाग के 29 क्रय केंद्रों पर 65,350 क्विंटल धान गोदामों में पड़ा है। यूपीपीसीयू के 15 क्रय केंद्र पर 26,489 क्विंटल ,पीसीएफ के 32 क्रय केंद्र पर 77,323 क्विंटल, मंडी परिषद के दो क्रय केंद्र पर 8,132 क्विंटल, यूपीएसएस के सात क्रय केंद्र पर 10,639 क्विंटल व भारतीय खाद्य निगम के तीन क्रय केंद्र पर 8,181 क्विंटल धान गोदामों के अंदर व बाहर डंप है। गोदाम के बाहर धान रखा होने से अचानक बारिश होने पर इसके भीग कर खराब हो जाने की आशंका भी कायम है।धान की ढुलाई के लिए नामित चार संस्थाओं को मनमानी बरतने पर नोटिस जारी कर काली सूची में डालने की चेतावनी दी गई है। कार्रवाई के घेरे में जेएस ब्रदर्स अंबेडकरनगर, प्रीति कांस्ट्रक्शन सीतापुर, महेश इंडस्ट्रीज, अमेठी व श्रीबाला जी ट्रेडर्स सुल्तानपुर की फर्म आई हैं। चेताया गया है कि अगर समय पर धान की ढुलाई का कार्य नहीं किया गया तो उनकी फर्म को काली सूची में डाल दिया जाएगा।ढुलाई में संस्थाओं की शिथिलता सामने आई है। इसके लिए बुधवार को ढुलाई के लिए लगी फर्मों को नोटिस दी गई है। अगर कार्य सही नहीं हुआ तो फर्मों को ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा। धान की खरीद सुचारु रूप से चल रही है। -एसके द्विवेदी, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी
