कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।
शासकीय एवं प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को स्मार्ट बनाने के लिए शासन द्वारा स्मार्ट क्लास योजना लागू की गई थी। इस योजना में अम्बेडकरनगर जिले के स्कूलों को शामिल किया गया था। स्मार्ट क्लास संचालित करने के लिए चयनित स्कूलों में लैपटॉप, 54 इंची एलईडी टीवी के साथ ही इनवर्टर सेट व अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई थी। लेकिन जिले की ज्यादातर स्कूलों में स्मार्ट क्लास ठप पड़ी हुई है।ग्रामीण अंचलों की चयनित स्कूलों में व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल हो चुकी है। कहीं स्मार्ट क्लास का सेट चोरी हो गया है तो कहीं इनवर्टर की बैट्री खराब हो गई है, कहीं सामान्य तकनीकी समस्या के कारण स्मार्ट क्लास का संचालन नहीं हो पा रहा है। जिससे लाखों रुपये का स्मार्ट क्लास का सेट बेकार पड़ा है और स्कूल शिक्षा विभाग की महत्वाकांछी योजना का लाभ बच्चों को नहीं मिल पा रहा है।स्मार्ट क्लास योजना में जिले के सभी विकासखंडों से स्कूलों का चयन किया गया था। चयनित स्कूलों में स्मार्ट क्लास का संचालन हो रहा है या नहीं, स्मार्ट क्लास के संचालन में क्या तकनीकी समस्या है, तकनीकी समस्या का सुधार किस तरह कराया जाना है, आदि के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, साथ ही उनके द्वारा निरीक्षण भी किया जाना है, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा इस पर ध्यान नहीं दिये जाने से स्मार्ट क्लास का संचालन नहीं हो पा रहा है। इस संदर्भ में बी एस ए से टेलिफोनिक वार्ता करने का प्रयास किया गया परंतु फोन नॉट रीचेबल बताता रहा।
