देवल संवाददाता, गोरखपुर: विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने बेसमेंट में संचालित अवैध गतिविधियों को लेकर सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। नोटिस जारी होने के बाद भी जिन बेसमेंट में गतिविधियां बंद नहीं की गईं, उन्हें सील किया जा रहा है। मंगलवार को तीन भवनों के बेसमेंट को सील किया गया। इसमें 23 दुकानें एवं फर्नीचर का एक गोदाम शामिल है। यह अभियान छह सितंबर तक जारी रहेगा।प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह ने बताया कि रेती रोड स्थित एके श्रीवास्तव के आनंद कॉम्पलेक्स के बेसमेंट में अनाधिकृत रूप से निर्मित 11 दुकानों को सील कर दिया गया। इसी तरह राजेश जायसवाल के बैंक रोड स्थित शंकर कॉम्पलेक्स में 12 दुकानों को सील किया गया।जीडीए की टीम ने चक जलाल पुर्दिलपुर में बेसमेंट में अवैध रूप से संचालित फर्नीचर गोदाम को सील कर दिया गया। सील करने वाली जीडीए की टीम में सहायक अभियंता राजबहादुर सिंह, विनोद कुमार शर्मा, ज्योति राय, अवर अभियंता प्रभात कुमार, रमापति वर्मा, संजीव कुमार तिवारी, डीएन शुक्ला, मनीष त्रिपाठी, मजिस्ट्रेट दीपक सिंह, पुलिस बल एवं पीएसी के जवान शामिल रहे।दिल्ली के कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में हुए हादसे के बाद से जीडीए ने अभियान चलाकर गोरखपुर में भी जांच की थी। अधिकतर स्थानों पर कोई न कोई गतिविधि संचालित मिली है। सभी को नोटिस जारी कर मानचित्र दिखाने को कहा गया है। मानचित्र लेकर पहुंचे कुछ लोगों के यहां मानचित्र के विपरीत गतिविधियां पाई गई थीं।उनसे गतिविधि बंद करने को कहा गया था। जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन के निर्देश पर तीन से छह सितंबर तक अभियान चलाया जा रहा है। इसके अतंर्गत जारी लगभग 220 लोगों को नोटिस व उनके जवाब का परीक्षण कर सील करने की कार्रवाई की जा रही है।