देवल संवाददाता, लखनऊ। शहरों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए उप्र पालिका (केंद्रीयित) सेवा संवर्ग के पुनर्गठन का बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने निकायों में केंद्रीयित कर्मियों के 3,601 पदों में बढ़ोतरी की है। केंद्रीयित कर्मियों के वर्तमान में 3,085 पद हैं, जिन्हें बढ़ाकर 6,686 किए जाने के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट बाईसर्कुलेशन मंजूरी दे दी। काडर पुनर्गठन के आधार पर निकायों में जल्द ही 3601 पदों पर भर्तियां होंगी। मुख्यमंत्री की व्यस्तता के चलते मंगलवार को दिन में कैबिनेट की बैठक नहीं हो सकी। देर रात कैबिनेट बाईसर्कुलेशन नौ प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
नगर निगम, नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत में केंद्रीयित कर्मियों को रखने के लिए वर्ष 2017 में पदों का निर्धारण हुआ था। तब प्रदेश में निकायों की संख्या 632 थी, जो अब बढ़कर 762 हो गई है। वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में तीन नगर निगम बनाए जाने के साथ ही 117 नए निकायों का गठन हुआ है। जबकि 124 नगर निकायों का सीमा विस्तार भी हुआ है