आमिर, देवल ब्यूरो ,जफराबाद। नगर पंचायत जफराबाद में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर नगर पंचायत के मुख्य द्वार से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों की संख्या में नागरिकों, युवाओं और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
शोभायात्रा पूरे नगर क्षेत्र से होते हुए विभिन्न मार्गों पर भ्रमण करती रही। इस दौरान ‘बाबा साहब अमर रहें’ और ‘जय भीम’ के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया, जिससे माहौल और भी उत्सवमय बन गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज उपस्थित रहीं, जिनका आयोजकों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। उनके आगमन से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।
नगर पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान सांसद प्रिया सरोज ने बाबा साहब की प्रतिमा का विधिवत शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। उन्होंने सामाजिक समरसता, समानता और न्याय के सिद्धांतों को अपनाने पर बल देते हुए कहा कि बाबा साहब के आदर्शों पर चलकर ही समाज का वास्तविक विकास संभव है।
कार्यक्रम के अंत में चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. सरफराज खान एवं ओवैश खान ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में जागरूकता और एकता का संदेश देते हैं।
इस अवसर पर डॉ. सरफराज खान, ओवैश खान, डॉ. अवध नाथ पाल, लकी त्रिपाठी, अफजल, जोगेंद्र निषाद, परवेज कुरेशी, अवध नारायण, दिलशाद अहमद, रविकांत मोदनवाल, विनोद प्रजापति, विजय यादव, शाहनवाज सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
