देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले में ड्यूटी के दौरान एक पीआरडी जवान की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। रात्रि गश्त के समय हुए इस हादसे से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, दीदारगंज थाना क्षेत्र के हैदराबाद गांव निवासी पीआरडी जवान अमर सिंह यादव, पुत्र स्वर्गीय फौजदार यादव, शनिवार रात करीब 10 बजे गश्त पर थे। वह फूलपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित कस्तूरबा स्कूल, मेजवां में रात्रि गश्त कर रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और हार्ट अटैक से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
साथ में गश्त कर रहे एक साथी ने तत्काल अमर सिंह यादव के परिजनों को फोन कर सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार के लोग और गांववाले मेजवां पहुंचे तथा पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रात में ही पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
रविवार को दिन में जब शव गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। अमर सिंह यादव चार भाइयों में सबसे बड़े थे। मां गंगादेई, पत्नी निर्मला समेत परिवार के सभी सदस्य, पड़ोसी और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। अमर सिंह यादव अपने पीछे भरा-पूरा परिवार पुत्र संदीप, प्रदीप और पुत्री रिशू को छोड़ गए ।