आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शासन के निर्देश के क्रम में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर तथा उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व विकास एवं सतत संवृद्धि के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद जौनपुर के प्रेक्षागृह में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को मातृ शक्ति, महिला स्वावलंबन, सम्मान एवं सुरक्षा को समर्पित किया गया, जिसमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) विभाग के अंतर्गत समूह की महिलाओं द्वारा फीता काटकर किया गया। इसके पश्चात जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, समूह की महिलाओं एवं बीसी सखियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया।
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए ‘वेदिका फूड्स’ द्वारा स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को प्रोत्साहित किया गया। जिलाधिकारी के कर-कमलों द्वारा समूह की नौ महिलाओं को 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई, जिससे वे अपने रोजगार को और सशक्त बना सकें।
सम्मानित होने वाली महिलाओं में सृजन समूह की सुनिधि चौहान, ई-देवी समूह की सुनीता पाल, सत्यजीत समूह की रामरती, तुलसी आजीविका समूह की बल्ली, लक्ष्मी समूह की रंजना पाल, कृष्णा समूह की रीमा सिंह, शीतला समूह की शोभावती, दुर्गा समूह की सीमा तथा गंगा समूह की संगीता शामिल रहीं। इन सभी महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया।
उल्लेखनीय है कि ये महिलाएं ‘वेदिका फूड्स’ के माध्यम से गोबर से निर्मित पर्यावरण अनुकूल उत्पाद जैसे दीया, गमला, हवन टीका और कंडा तैयार कर रही हैं। इससे जहां पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है, वहीं महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रही हैं।
नवरात्रि के विशेष अवसर पर समूह की महिलाओं को मुख्य अतिथि के रूप में सम्मानित किया गया, जो महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायक प्रतीक बना। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और पिछले नौ वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की अग्रदूत भी बन रही हैं। सरकार द्वारा महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता प्रदान करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री युवा अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण सहायता देकर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने उपस्थित जनसमूह को वासंतिक नवरात्रि एवं आगामी ईद की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि वे अपने बच्चों को शिक्षित करें और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाएं। उन्होंने सभी से जनपद, प्रदेश एवं देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम के दौरान जनपद के स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसकी जिलाधिकारी ने सराहना की। ‘वेदिका फूड्स’ के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना गया।
इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, जिला उद्यान अधिकारी सीमा सिंह राणा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अनुराधा, डॉ. अरुण यादव, उपायुक्त एनआरएलएम जितेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।