आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जफराबाद, गौराबादशाहपुर थाना पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में जनसेवा केन्द्र संचालक को गोली मारकर लूट करने वाले तीन अभियुक्तों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध असलहे, कारतूस, लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा नगदी बरामद की है।
बताया गया कि गोसाईपुर गांव निवासी प्रेमचन्द्र यादव को 11 मार्च की रात जनसेवा केन्द्र से लौटते समय अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर उनकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन व बैग में रखा नगद पैसा लूट लिया था। पीड़ित की पत्नी निशा देवी की तहरीर पर थाना जफराबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के अनावरण के दौरान पुलिस टीम कबूलपुर पुलिया व बेलाव पुल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से आ रहे तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर बदमाश कच्चे रास्ते की ओर भागने लगे, लेकिन मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने भागते समय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक उपनिरीक्षक के हाथ में गोली लग गई जबकि थानाध्यक्ष की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी आदर्श यादव उर्फ अलगू घायल हो गया, जबकि अमन यादव और दिवाकर कुमार को भी पकड़ लिया गया। तीनों के पास से अवैध पिस्टल, तमंचा, कारतूस, लूट के मोबाइल फोन व नगदी बरामद हुई। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी अनुराग यादव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।