आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहर के तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज स्थित मार्कण्डेय सिंह सभागार में बैस क्षत्रिय राष्ट्रीय एकता मंच द्वारा भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने राष्ट्र एवं समाज निर्माण में क्षत्रिय समाज के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्राचीन काल से लेकर वर्तमान समय तक क्षत्रियों ने समाज के सभी वर्गों का नेतृत्व करने की क्षमता का परिचय दिया है।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि देश की आजादी के संघर्ष को केवल एक दृष्टिकोण से नहीं देखा जा सकता। स्वतंत्रता आंदोलन में चन्द्रशेखर आज़ाद, भगत सिंह तथा सुभाषचन्द्र बोस जैसे अनेक वीर सपूतों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसे नई पीढ़ी को समझना चाहिए।
पूर्व सांसद ने युवाओं को प्रेरित करते हुए प्रसिद्ध काव्य रचना रश्मिरथी तथा धार्मिक ग्रंथ हनुमान चालीसा पढ़ने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि तुलसीदास ने हनुमान चालीसा में बल, बुद्धि और विद्या की कामना की है। उनका कहना था कि यदि ये तीनों गुण जीवन में हों तो आर्थिक समृद्धि स्वयं प्राप्त हो जाती है। उन्होंने छात्रों और युवाओं से जमीन से जुड़े रहने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की अपील भी की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने होली गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया, जिससे सभागार में उत्साह और उमंग का वातावरण बन गया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सांसद धनंजय सिंह, विधान परिषद सदस्य ब्रजेश सिंह प्रिंसू तथा पूर्व विधायक हरेन्द्र सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सामाजिक एकता और संगठन की मजबूती पर बल दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुंवर जय सिंह बाबा ने की, जबकि संचालन डॉ. सुनील कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर धर्मराज सिंह, डॉ. महेंद्र सिंह, दयाशंकर सिंह, अनिल कुमार सिंह, ओमप्रकाश सिंह, प्रेमप्रकाश सिंह, डॉ. वीरेन्द्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं समाज के सदस्य उपस्थित रहे।