देवल संवाददाता, मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले माह में दुर्घटनाओं की संख्या में काफी बढ़ोत्तरी हुई है,उन्होंने समस्त थानाध्यक्ष को आवश्यक कदम उठाते हुए इसमें कमी लाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी ने बताया कि माननीय जनप्रतिनिधि, यातायात पुलिस एवं सेव लाइफ फाउंडेशन द्वारा दिए गए सुझाव पर सड़क निर्माण कार्य से जुड़ी संस्थाओं द्वारा कार्य पूरे किए जा रहे है। जिलाधिकारी ने थाने से प्राप्त सुझाओ को पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी गुड्स सेमेरिटन योजना के तहत गोल्डन समय के अंदर किसी भी व्यक्ति द्वारा सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचने पर निर्धारित धनराज से पुरस्कृत करने के निर्देश दिए। हिट एंड रन मामले की समीक्षा के दौरान मृतकों को निर्धारित सहयोग राशि देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा जुड़े समस्त विभागों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात के नियमों से लोगों को जागरूक करने हेतु विशेष प्रयास करने को कहा। बैठक के दौरान ही जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद एवं सीओ सिटी को अभियान के रूप में सड़क के पटरियो पर अतिक्रमण हटाने हेतु नियमित कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। प्रवर्तन कार्रवाई की समीक्षा के दौरान एआरटीओ ने बताया कि फरवरी माह में बिना हेलमेट दो पहिया वाहनों के खिलाफ 310, बिना सीट बेल्ट में 53, रॉन्ग साइड में 18 तथा ओवरलोडिंग माल वाहनों में 17 वाहनों के चालान किए गए। जिलाधिकारी ने प्रवर्तन कार्रवाई में और तेजी लाने के निर्देश दिए। सड़क दुर्घटना के कारणों की समीक्षा के मामलों में ओवर स्पीडिंग प्रमुख कारण रहा। इसके दृष्टिगत जिलाधिकारी ने ओवर स्पीडिंग के मामलों में प्रवर्तन कार्रवाई में विशेष प्रयास करने को कहा।इस दौरान पुलिस अधीक्षक इलमारन जी,एआरटीओ सोहेल अहमद,अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी,सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी सौरभ सिंह सहित सड़क सुरक्षा विभाग से जुड़े अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।