पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अहमद शहजाद का कहना है कि मौजूदा क्रिकेट बोर्ड ने टीम को बर्बाद कर दिया है। उनका मानना है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम बनाने के लिए कोई काम नहीं किया है और इसी वजह से टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुए हैं। बता दें कि श्रीलंका के खिलाफ पाक ने 5 रनों से जीत हासिल की लेकिन वे सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके। रन रेट के आधार पर न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई।
पाकिस्तान को सेमीफाइनल में क्वालीफाई करने के लिए श्रीलंका को 147 रनों पर रोकना था। हालांकि, सलमान अली आगा की अगुवाई वाली टीम ये नहीं कर सकी, जिसकी वजह से उनका वर्ल्ड कप में सफर समाप्त हो गया। इसके बाद अब पाकिस्तान के कई पूर्व क्रिकेटर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं लेकिन शहजाद क्रिकेट बोर्ड की व्यवस्था के खिलाफ दिखाई दिए।
अहमद शहजाद ने दिखाया गुस्सा
पाकिस्तान के एक टीवी शो 'हारना मना है' पर बात करते हुए अहमद शहजाद ने कहा, "पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड में यही लोग 3 सालों से हैं लेकिन कोई सुधार नहीं हो रहा है। हम आगे बढ़ने के बजाय पीछे जा रहे हैं। एशिया कप के दौरान हमसे कहा गया कि युवा प्लेयर्स को मौका दिया जाएगा और टीम को मजबूत बनाया जाएगा। हालांकि, ऐसा कुछ नहीं किया गया और टीम को मजबूत नहीं बनाया गया। बार-बार उन्हीं पुराने खिलाड़ियों को शामिल कर लिया जाता है और बिना प्रदर्शन किए वे कैसे टीम में वापस आ सकते हैं?"
पाकिस्तान ने जीत के साथ सफर किया समाप्त
पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाए थे। पाक टीम के लिए सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने शतक लगाया था और 100 रनों की पारी खेली थी। फखर जमान ने भी 42 गेंदों पर 84 रनों की पारी खेली थी। पाकिस्तान के द्वारा दिए गए 213 रनों के लक्ष्य को श्रीलंका हासिल नहीं कर सका और उन्हें 5 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
श्रीलंका को आखिरी ओवर में जीत के लिए 28 रनों की जरूरत थी। कप्तान दसुन शनाका ने 22 रन बना लिए थे और एक समय पर ऐसा लग रहा था कि वे मैच में अपनी टीम को जीत दिला देंगे। हालांकि, पकिस्तान ने मैच को अपने नाम कर लिया और जीते के साथ टूर्नामेंट से विदा लिया।