देवल संवाददाता, आजमगढ़। थाना सरायमीर पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी के जरिए जमीन का बैनामा कराने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, वादी द्वारा थाना सरायमीर में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि अभियुक्तगण ने आपराधिक साजिश के तहत ग्राम काटनपट्टी स्थित भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे धोखाधड़ीपूर्वक अपने नाम बैनामा करा लिया। इस मामले में थाना सरायमीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान अभियुक्त नूर आजम पुत्र अबरार का नाम सामने आया, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में 22 मार्च 2026 को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कस्बा सरायमीर स्थित रोडवेज के पास मौजूद है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय उसे मुकदमे की जानकारी देते हुए विधिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।