कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जलालपुर सर्किल क्षेत्र के सभी शिवालयों में आस्था का अद्भुत सैलाब उमड़ पड़ा। मंत्रों और घंट-घड़ियाल की गूंज के बीच भोले के भक्तों ने जय-कारों से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। श्री शीतला माता मठिया मंदिर स्थित प्राचीन शिवालय भक्तों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बना रहा, जहां सुबह से ही भगवान शिव के दर्शन को लेकर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। भोर की पहली किरण के साथ ही मंदिरों में जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया।मंदिर परिसर में पहुंचे भक्त विकाश निषाद ने बताया, यह पर्व केवल पूजा का नहीं, बल्कि भगवान शिव की असीम कृपा, सच्ची भक्ति और आत्मशुद्धि का प्रतीक है। भक्तों ने विधि-विधान से शिवलिंग का जलाभिषेक किया और भोलेनाथ को प्रिय बेर, गेड़ी, भांग, धतूरा, तिल एवं अक्षत अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। शिव साधना से मनुष्य को आत्मबल की प्राप्ति होती है और जीवन में शांति व सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। मंदिरों के पुजारियों ने बताया कि इस पवित्र दिन पर किए गए जलाभिषेक और व्रत से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। देर रात तक चली इस आस्था की लहर में पूरा जलालपुर क्षेत्र भोलेनाथ के भक्ति रंग में सराबोर रहा ।
महाशिवरात्रि पर उमड़ा भक्तों का सैलाब, गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
फ़रवरी 15, 2026
0
Tags