देवल संवाददाता, आज़मगढ़। जिले में कानून को ठेंगा दिखाकर लाइसेंस की आड़ में अवैध गोवध का गोरखधंधा चलाया जा रहा था। “दानिश एग्रो फूड्स” के नाम पर चल रही इस फर्म की आड़ में प्रतिबंधित पशुओं का वध कर मांस की बिक्री की जा रही थी, जिसका भंडाफोड़ सरायमीर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए किया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस और हथियारनुमा औजारों के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि पत्नी समेत दो अन्य आरोपी फरार हैं।
थाना सरायमीर पुलिस द्वारा गुरुवार को संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि बखरा गांव निवासी मोहम्मद दानिश पुत्र मोहम्मद तौकीर अवैध रूप से गोवंश वध कर मांस की बिक्री करता है और गोवंश के अवशेष फेंकने जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने हैदराबाद से बखरा जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद एक संदिग्ध ऑटो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक भागने लगा। पुलिस ने घेरकर उसे मौके पर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद दानिश निवासी बखरा, थाना सरायमीर बताया। ऑटो की तलाशी के दौरान एक झोले में प्रतिबंधित पशु का कटा हुआ सिर बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से करीब 21 किलो 400 ग्राम प्रतिबंधित मांस, 3 चापड़, 3 चाकू, एक छोटा व एक बड़ा इलेक्ट्रॉनिक तराजू, लोहे का रॉड, लोहे के कुंडे, लकड़ी का ठीहा, 1220 रुपये नकद, स्टील की कटोरी और पैकिंग सामग्री बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपनी पत्नी रहनुमा बानो के नाम से दानिश एग्रो फूड्स फर्म का लाइसेंस ले रखा था, जिसकी आड़ में वह अपनी पत्नी और यासीन पुत्र वसीम उर्फ भकालू निवासी बरगी मानीकला, थाना खेतासराय, जनपद जौनपुर के साथ मिलकर प्रतिबंधित पशुओं का वध कर मांस की बिक्री करता था और उससे होने वाली आय आपस में बांट लेते थे। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।