बलूचिस्तान में हुए हालिया हिंसा पर पाकिस्तान ने भारत पर झूठे आरोप मढ़ने की कोशिश की थी। लेकिन रविवार को भारत ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। भारत ने कहा कि ये सभी आरोप बेबुनियाद हैं और पाकिस्तान अपने अंदरूनी मसलों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहा है।
विदेश मंत्रालय ने इस संबंध में प्रेस रिलीज जारी कर कहा, 'हम पाकिस्तान द्वारा लगाए गए बेबुनियाद आरोपों को पूरी तरह से खारिज करते हैं, जो उसके अपने अंदरूनी नाकामियों से ध्यान भटकाने की उसकी सामान्य चाल के अलावा और कुछ नहीं है।'
पाकिस्तान पर लगाए गंभीर आरोप
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान को बेबुनियाद दावे करने की जगह अपने लोगों की मांग को पूरा करने पर ध्यान देना चाहिए। दरअसल पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने कहा था कि बलूचिस्तान में हो रहे हमलों में भारत की संलिप्तता है।
इसके जवाब ने भारत ने कहा, 'कोई हिंसक घटना होने पर बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय पाकिस्तन को अपने लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने पर ध्यान देना चाहिए। दमन, क्रूरता और मानवाधिकारों के उल्लंघन का उसका रिकॉर्ड जगजाहिर है।'
बता दें कि बलूच लिबरेशन आर्मी ने बलूचिस्तान के 14 शहरों में हुए समन्वित हमलों की जिम्मेदारी ली है। इन हमलों में 84 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए, जबकि 30 सरकारी संपत्तियों को नष्ट कर दिया गया। 23 वाहनों में आग भी लगा दी गई। निर्वासित बलूच नेताओं और सशस्त्र समूहों ने भी ऑपरेशन के लिए समर्थन व्यक्त किया है।