देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। म्योरपुर पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गैंग के एक और सक्रिय सदस्य की गिरफ्तारी कर उसे कानून के हवाले कर दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णानंद मौर्य पुत्र रणजीत मौर्य निवासी बहुअरा थाना रावर्ट्सगंज कोतवाली के रूप में की गई है। पुलिस ने इससे पूर्व गत गुरुवार को ही लुटेरी दुल्हन को उसके पति व मां के साथ गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में म्योरपुर पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गैंग के सक्रिय सदस्य कृष्णानन्द मौर्य पुत्र रणजीत सिंह मौर्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूट के 90 हजार रूपए व घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन बरामद किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभियुक्त कृष्णा नन्द मौर्या ने पूछताछ में बताया कि वह लुटेरी दुल्हन गैंग का सक्रिय सदस्य है। यह एक संगठित गिरोह है, जिसमें राजस्थान निवासी राजू माली विवाह हेतु वर पक्ष से संपर्क कर उन्हें झूठे विवाह के बहाने अपने जाल में फंसाता था। गिरोह के सदस्य नकली शादी कर वर पक्ष से मोटी रकम वसूलते थे और अवसर पाकर उनके साथ लूटपाट कर फरार हो जाते थे। अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों माया घसिया, रानी घसिया व रवि रंजन मौर्या के साथ मिलकर राजस्थान निवासी रमेश कुमार माली पुत्र अजुबा राम के साथ धोखाधड़ी कर फर्जी विवाह
कराया था। बीते 29.10 को माया घसिया की बेटी रानी के साथ पीडित की नकली शादी वाहन बोलेरो में कराई गई। इसके बाद पीडित को छोड़ने के बहाने गाड़ी में बैठाकर राबर्ट्सगंज लोढी टोल प्लाजा से आगे हिन्दुआरी के पास सुनसान स्थान पर ले जाकर किसी बहाने 10 हजार नकद, सोने का मंगलसूत्र व चांदी की पायल लेकर अभियुक्तगण वहां से फरार हो गए। अभियुक्त ने बताया कि लूट की रकम में से 5 हजार उसने स्वयं रखे तथा शेष 5 हजार और आभूषण माया घसिया व रानी घसिया को दे दिए। उसने स्वीकार किया कि पूर्व में भी यह गिरोह राजस्थान के अन्य व्यक्तियों के साथ इसी प्रकार फर्जी विवाह कर धोखाधड़ी और लूट की घटनाएं कर चुका है। अभियुक्त को इस कार्य के लिए कुल 95 हजार मिले थे। गिरफ्तारी के समय वह छत्तीसगढ़ मार्ग से झारखंड भागने का प्रयास कर रहा था कि पुलिस टीम ने उसे धर दबोचा गया।
.jpeg)