देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र, म्योरपुर। म्योरपुर ब्लाक के ग्राम पंचायत फरीपान स्थित बनवासी सेवा आश्रम के ग्राम निर्माण केंद्र परिसर में पंचायत महोत्सव का आयोजन क्षेत्रीय ग्राम स्वराज्य सभा के अध्यक्ष दशरथ गोंड की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान पंचायत को मजबूत और पारदर्शी बनाने, महिलाओं की भागीदारी, स्वयं सहायता समूह, स्वावलंबन, पर्यावरण सरंक्षण आदि मुद्दों पर विस्तार से चर्चा किया गया।
आश्रम की मुखिया शुभा प्रेम ने कहा कि सरकारी योजनाओं के लाभ के बारे में सोचना बंद करें। बाद उन्होंने शिक्षा व स्वास्थ्य के मौलिक अधिकार की जानकारी दी। ग्राम प्रधान रामचंद्र गोंड ने कहा कि जागरूकता से ही समाज में बदलाव संभव है। सुभाष शाही और राजेश्वर उपाध्याय ने कहा कि आज पर्यावरण प्रदूषण के साथ ही सामाजिक प्रदूषण की समस्या बढ़ी है। दोनों वक्ताओं ने हवा, पानी औद्योगिक प्रदूषण पर चर्चा करते हुए कहा कि क्षेत्र गंभीर बीमारियों की चपेट में है। दिव्यांगता, पागलपन, कैंसर, पेट की बीमारी गंभीर होती जा रही है। कहा कि बच्चों को मोबाइल से दूर रखे और बाजार की खाद्य वस्तुओं से परहेज कराएं। जगत भाई ने सिंगरौली क्षेत्र में प्रदूषण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। रमेश कुमार यादव ने 10 सितंबर से 2 अक्टूबर से बीच गावों में चलाए गए संपर्क अभियान और प्रबोधन पर्व के बारे में बताया। केवला दुबे ने ग्राम स्वराज्य की मजबूती पर चर्चा किया। इस दौरान प्राकृतिक खेती से उपज साग सब्जी तथा खादी ग्राम उद्योग से जुड़ी प्रदर्शनी भी लगाई गई। साथ ही 8 युवाओं और ग्रामीणों को अच्छे कार्य और बदलाव के लिए सम्मानित किया गया। मौके पर रामलखन कोरवा, बेचन राम, एशवी पांडेय, अनिल गुप्ता, प्रेम कुमारी, कलक्टर प्रसाद, मानमती राजकुमारी, सुनीता, राजनारायण, सत्यनारायण, परमानंद आदि मौजूद रहे।