देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। पन्नूगंज थाना में गोवध निवारण अधिनियम से संबंधित पंजीकृत एक मुकदमा के वांछित इनामिया अभियुक्त को रविवार की देर रात पुलिस ने धर दबोचा। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान हुए मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान संजय राम उर्फ संजय दिवाना पुत्र रामकुंवर निवासी सरईगढ़ टोला खदरा थाना रायपुर के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार आरोपी संजय राम उर्फ संजय दिवाना के खिलाफ पन्नूगंज थाना में मुकदमा संख्या 188/2025 पंजीकृत है। रविवार की रात आरोपी सिलहट पीएससी कैंप से करीब एक किमी दूर मांची जाने वाली सड़क के पास झाड़ियों में छिपा था। मुखबिर की सूचना पर एसओजी टीम के साथ पहुंची पन्नूगंज थाना पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी
को गिरफ्तार करने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस फोर्स पर फायरिंग शुरू कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मारकर घायल करने के बाद उसे धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के उपर 25 हजार रूपए का इनाम घोषित है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के बाद घटना स्थल से एक तमंचा 315 बोर एक खोखा कारतूस व एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। इस मौके पर पन्नूगंज थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्र, एसओजी प्रभारी राजेश कुमार चौबे, उप निरीक्षक बृजेश दूबे, कांस्टेबल दीपक गिरी, ओमप्रकाश यादव आदि पुलिस कर्मी मौजूद रहे।