देवल संवाददाता, मऊ। छात्रों के नवाचारों को बढ़ावा देने हेतु शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा विकसित भारत विल्डथान 2025 के जनपद स्तरीय मेगा इवेंट कार्यक्रम जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के बच्चों को मुख्यतः चार बिंदुओं पर अपने नवाचार एवं प्रोजक्ट आत्मनिर्भर भारत,विकसित भारत,समृद्ध भारत और वोकल फार लोकल की थीम आधारित प्रोजेक्ट को विकसित भारत पोर्टल पर पंजीकरण करते हुए आडिया अपलोड करना होगा। जिसके लिए 13 से 30 अक्टूबर तक का समय है। प्रत्येक जनपद से चयनित आइडिया को भारत सरकार द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। इसी क्रम में डायट सभागार मऊ में आयोजित मेगा इवेंट कार्यक्रम में मधुबन विधानसभा के विधायक रामविलास चौहान ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बच्चों द्वारा निर्मित प्रोजेक्ट एवं आइडिया का अवलोकन कर बच्चों को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में प्रोत्साहित किया। अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है,आज आवश्कता है उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने की। आप में से कई बच्चे भविष्य के वैज्ञानिक,डाक्टर, इंजिनियर बन सकते हैं। उन्होंने शिक्षकों से अपील किया कि बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करें तभी समृद्ध एवं आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार हो सकेगा।उप शिक्षा निदेशक एव जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय ने विधायक जी का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वास दिलाया कि जनपद मऊ इस दिशा में बेहतर प्रदर्शन करेगा। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा किया गया जिसे जनपद के समस्त विद्यालय के बच्चों एवं छात्रों ने देखा। लाइव प्रसारण कार्यक्रम जनपद स्तर,ब्लाक स्तर तथा विद्यालय स्तर पर सभी विद्यालयों में देखा गया। कार्यक्रम का संचालन एस आर जी अरविन्द पाण्डेय ने किया।