देवल संवाददाता, आजमगढ़। भाजपा की ओर से नेहरू हॉल में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में मंच पर भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) के दो नेताओं में भिड़ंत हो गई। प्रभारी मंत्री अनिल राजभर के मंच पर पहुंचते ही भाजयुमो जिलाध्यक्ष निखिल राय और जिला मंत्री (लालगंज) अमन श्रीवास्तव के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि प्रभारी मंत्री अनिल राजभर का स्वागत करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता अमौड़ा टोल प्लाजा पर एकत्र हुए थे। मंत्री के काफिले में आगे बढ़ने के दौरान वाहनों के साइड को लेकर निखिल राय और अमन श्रीवास्तव के बीच बहस हुई थी, जो बाद में नेहरू हॉल में पहुंचकर मारपीट का रूप ले ली।
मामले की जानकारी होते ही पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाते हुए निखिल राय, अमन श्रीवास्तव, समर प्रताप सिंह और आशीष को हिरासत में लेकर नगर कोतवाली ले आई। वहां भी दोनों गुटों में फिर झड़प हो गई थी। मामले में कोतवाली में करीब दो घंटे तक पंचायत चली लेकिन दोनों गुटो के दिल नही मिलें और कोई हल  नहीं निकल सका।
इधर घटना से प्रभारी मंत्री भी परेशान नजर आए। जीएसटी के गणित के फायदे को गिनाने पहुचे मंत्री जी यहां पार्टी के पदाधिकारियों के बचाव की गणित गिनाने में जुट गए।
प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने इसे भाजपा का आंतरिक मामला बताया। उन्होंने कहा कि यह हमारे परिवार का मामला है, हम इसे बैठकर सुलझा लेंगे। रही बात हरैया अविश्वास प्रस्ताव में आरोप-प्रत्यारोप की तो यह सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर कराया गया था। क्षेत्रीय अध्यक्ष या किसी अन्य पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह गलत हैं। यह विरोधी पक्ष की चाल है।
वहीं, नगर कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि  दो गुटों में खींचतान और धक्का-मुक्की हुई थी। चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
