देवल संवाददाता, आज़मगढ़। जिले के थाना रौनापार पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि पर कब्जा करने का प्रयास करने के मामले में वांछित मां और बेटे को गिरफ्तार किया है।
थाना रौनापार क्षेत्र के एक व्यक्ति ने लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विपक्षीगण ने उसकी भूमि पर कब्जा करने के उद्देश्य से दस्तावेजों में हेराफेरी कर विभिन्न व्यक्तियों के नाम से फर्जी कागजात तैयार किए हैं। इस संबंध में थाना रौनापार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
थानाध्यक्ष रौनापार के कुशल मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह मय हमराह टीम ने दिनांक 29 अक्टूबर 2025 को सुबह करीब 9:30 बजे मुखबिर खास की सूचना पर नामजद अभियुक्त मालती पत्नी चन्द्रिका और हेमन्त पुत्र चन्द्रिका
निवासी ग्राम पटना हाजीपुर, थाना रौनापार, जनपद आजमगढ़ को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
