देवल संवाददाता, आजमगढ़। प्रदेश में माह अगस्त 2025 के लिए जारी विकास कार्यक्रमों की रैंकिंग में जनपद आज़मगढ़ ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। जिलाधिकारी के नेतृत्व में जनपद ने विकास कार्यों में प्रदेश में 6वीं रैंक प्राप्त की है। यह लगातार तीसरा महीना है जब जनपद ने बेहतर प्रदर्शन कर स्थानों में सुधार किया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय से 10 सितम्बर को प्रदेश में माह अगस्त 2025 की प्रगति के आधार पर विकास कार्यक्रमों की रैंकिंग जारी की गई। जिलाधिकारी के कुशल नेतृत्व और प्रशासनिक टीम के सतत प्रयासों से जनपद आज़मगढ़ ने प्रदेश में 6वीं रैंक प्राप्त कर बेहतरीन उपलब्धि हासिल की।
माह जून 2025 में जनपद आज़मगढ़ प्रदेश में 54वें स्थान पर था। वहाँ कुल 61 योजनाओं में से 46 में ए ग्रेड, 09 में बी ग्रेड, 04 में सी ग्रेड और 02 में डी ग्रेड मिला था। जुलाई 2025 में प्रभावी निगरानी और कार्यान्वयन से 63 योजनाओं में 52 ए ग्रेड, 08 बी ग्रेड, 02 सी ग्रेड तथा 01 डी ग्रेड के साथ जनपद 25वें स्थान पर पहुँचा।
इसके बाद अगस्त 2025 में कुल 66 योजनाओं में 57 ए ग्रेड, 06 बी ग्रेड, 02 सी ग्रेड और 01 डी ग्रेड प्राप्त कर जनपद आज़मगढ़ ने प्रदेश में 6वीं रैंक हासिल की।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह उपलब्धि प्रशासन और विभिन्न विभागों के सक्रिय सहयोग से संभव हुई है। उन्होंने कहा कि जनपद को विकास के हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने का प्रयास जारी रहेगा और आने वाले समय में शीर्ष स्थान प्राप्त करने के लिए निरंतर कार्य होगा।