देवल संवाददाता, गोरखपुर ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आयुष विश्वविद्यालय में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली और समय से काम पूरा न होने पर नाराजगी जताई। कहा कि ऐसी फर्मों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने जल्द से जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया और कहा कि अधिकारी नियमित रूप से निगरानी करें।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों आयुष विश्वविद्यालय के प्रस्तावित उद्घाटन समारोह के लिए आमंत्रण देने सीएम इसी सप्ताह दिल्ली जाएंगे। इससे पहले विश्वविद्यालय निर्माण से संबंधित सभी कार्य पूरा करना है। 21 जून को सीएम विश्वविद्यालय का स्थलीय निरीक्षण भी कर सकते हैं।
मंगलवार शाम को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित समीक्षा बैठक में सीएम ने आयुष विश्वविद्यालय के अब तक पूरा हो चुके कार्यों और बचे रह गए कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कार्य में ढिलाई के लिए अफसरों को चेतावनी भी दी। कहा कि पहले भी कई बार समीक्षा कर कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया जा चुका है।
उन्होंने वरिष्ठ प्रशासनिक अफसरों को तैयारियों की नियमित निगरानी का भी निर्देश दिया। इसके बाद सीएम ने 20 जून को प्रस्तावित गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण की तैयारी को लेकर भी जानकारी ली। कहा कि जनसभा स्थल पर सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के लिए पर्याप्त होर्डिंग बैनर लगाए जाएं।
इसके बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले योगाभ्यास कार्यक्रम की तैयारी के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम भव्य होना चाहिए।
बरसात में जलभराव नहीं होना चाहिए
मुख्यमंत्री ने बाढ़ बचाव की तैयारियों के बारे में भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ से बचाव के लिए 38 में से 24 कार्य पूरे कर लिए गए हैं। सीएम ने शहर में जलनिकासी के लिए अब तक किए गए प्रबंधों की जानकारी ली। इसके बाद गोड़धेइया नाला की प्रगति पूछी।
उन्होंने कहा कि जहां नाला कच्चा हो, वहां भी पानी निकलने का मार्ग बनाया जाए, जिससे पानी न रुकने पाए। उन्होंने नगर निगम और जीडीए के अफसरों को निर्देश दिया कि शहर में गंदगी नहीं होनी चाहिए। नियमित रूप से साफ-सफाई जरूर कराएं।
विरासत गलियारा, बिजली कटौती के बारे में भी पूछा
शहर के बीच में बन रहे विरासत गलियारा की धीमी प्रगति पर सीएम ने नाराजगी जताई। इस दौरान बताया गया कि अभी करीब 300 लोगों ने रजिस्ट्री नहीं की है। उन्होंने लोगों से बात करके जमीन की रजिस्ट्री कराने, निर्माण कार्य में तेजी लाने और बरसात के दौरान अधूरे निर्माण के चलते कोई हादसा न हो, इसका प्रबंध करने का निर्देश दिया। इसके अलावा बिजली कटौती पर भी चर्चा हुई।
बर्ड फ्लू के बारे में ली जानकारी
सीएम ने वन विभाग के अधिकारियों से चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू के बारे में जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि जानवरों के रिपोर्ट अब निगेटिव आ रहे हैं। जल्द ही चिड़ियाघर को खोलने पर विचार किया जाएगा। लगभग सवा घंटे चली इस बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी विभागों की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी कार्य समय से पूरे किए जाएं।