देवल, ब्यूरो चीफ,चुर्क। विश्व पर्यावरण दिवस पर एक पेड़ मां के नाम के तहत वृहस्पतिवार को वन विभाग के चुर्क रेंज में पौध रोपण किया गया। इस दौरान वन क्षेत्राधिकारी अभिषेक यादव ने कई प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। इसी तरह सुकृत वन रेंज के बैजू बाबा मंदिर परिसर में रेंजर रमेश कुमार ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजकुमार यादव के साथ वृक्षा रोपण किया।
उल्लेखनीय है कि विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की थी, जो पर्यावरण की जिम्मेदारी के साथ ही माताओं को आदर देने वाली एक अनूठी पहल है। इस अभियान की शुरुआत 5 जून 2024 को प्रधानमंत्री द्वारा नई दिल्ली के बुद्ध जयंती पार्क में पीपल के पौधे का रोपण कर किया गया था। उन्होंने कहा कि यह अभियान सतत विकास के लिए देश की आवश्यकता के अनुरूप की गई पहल है। एक पेड़ मां के नाम पहल का सार प्रतीकात्मक रूप से अपनी मां के नाम पर एक पेड़ लगाना है। यह सरल कार्य दोहरे उद्देश्य को पूरा करता है। जीवन को पोषित करने और धरती के स्वास्थ्य में योगदान देने के लिए माताओं की भूमिका का सम्मान करना है। पेड़ जीवन का आधार हैं और एक मां की तरह वे अगली पीढ़ी के लिए पोषण, सुरक्षा और भविष्य प्रदान करता हैं। इस पहल के माध्यम से लोग अपनी माताओं के लिए आदर स्वरूप एक पेड़ लगाकर एक स्थायी स्मृति प्रतीक बनाने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण की तत्काल आवश्यकता को भी पूरा कर सकते हैं। इस मौके पर वन दरोगा कृपा शंकर, दरोगा विनीत कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।