देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। शाहगंज थाना क्षेत्र के ओइनी मिश्र गांव निवासी एक महिला की मंगलवार को संदिग्ध हाल में मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपा है। महिला की एक वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी।
जानकारी के अनुसार करमा थाना क्षेत्र के कन्हौरा गांव निवासी रामलाल पुत्र स्व जामुन की बेटी सुनीता उम्र 20 वर्ष की शादी करीब एक वर्ष पूर्व शाहगंज थाना क्षेत्र के ओइनी मिश्र गांव निवासी अनिल पुत्र अमृत लाल से हुई थी। बीते मंगलवार को ससुराल में सुनीता की संदिग्ध हाल में मौत हो गई।
मृतका के पिता रामलाल ने बताया कि घटना से करीब 10 दिन पूर्व बाहर कमाने जाने का बहाना बनाकर अनिल ने सुनीता को उसके घर कन्हौरा छोड गया था। बीते सोमवार की देर रात अचानक अनिल उसकी बेटी को लेने घर पहुंचा। आरोप है कि उसके सामने ही अनिल ने उसकी बेटी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट किया। बाद जबरजस्ती उसे लेकर अपने घर ओइनी मिश्र चला गया। मंगलवार की देर रात उसे बेटी की मौत की सूचना मिली। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी बेटी की हत्या किया है। मृतका के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। आरोप है कि दहेज के लिए ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी बेटी की हत्या कर फंदे से लटकाया है। उधर मामले में शाहगंज थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर ससुराल पक्ष के चार लोगों पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।