चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी उस समय चर्चा में आ गए थे, जब उन्हें मैदान पर एनर्जी ड्रिंक पीते हुए देखा गया। लोगों ने उन पर रोजा नहीं रखने का आरोप लगाया। एक मौलवी ने तो यह तक कह दिया कि शमी रोजा नहीं रखकर पाप कर रहे हैं। हालांकि, कई लोग शमी के पक्ष में भी नजर आए।
शरीयत के खिलाफ बताया
अब उन्हीं मौलवी ने तेज गेंदबाज की बेटी के होली मनाने को अवैध और शरीयत के खिलाफ बताया है। एक वीडियो में ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा, "वह एक छोटी बच्ची है। अगर वह बिना समझे होली खेलती है, तो यह कोई अपराध नहीं है। अगर वह समझदार है और फिर भी होली खेलती है, तो इसे शरीयत के खिलाफ माना जाएगा।" रजवी ने कहा कि उन्होंने शमी को पहले भी इस्लाम के सिद्धांतों का पालन करने की सलाह दी थी। इसके बावजूद उनकी बेटी का होली मनाते हुए एक वीडियो सामने आया।
होली हिंदुओं का त्योहार
उन्होंने कहा, "मैंने शमी और उनके परिवार के सदस्यों से अपील की है जो भी शरीयत में नहीं है, उसे अपने बच्चों को न करने दें। होली हिंदुओं के लिए बहुत बड़ा त्योहार है, लेकिन मुसलमानों को होली नहीं मनानी चाहिए। अगर कोई शरीयत को जानते हुए भी होली मनाता है, तो यह गुनाह है।"