चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आगाज हो चुका है। मेजबान देश पाकिस्तान और बांग्लादेश के हाथ निराशा लगी है तो वहीं, भारत और न्यूजीलैंड ने जीत के साथ आगाज किया है। पाकिस्तान इस बार चैंपियंस ट्रॉफी का मेजबान है, लेकिन अगर अभी तक के इतिहास को देखें तो पता चलता है कि पाकिस्तान के लिए इस खिताब को जीत पाना काफी मुश्किल है। आइए जानतें हैं क्यों?
साल 1998 में हुई शुरुआत
चैंपियंस ट्रॉफी का पहली बार आयोजन साल 1998 में हुआ था। पहली बार इसकी मेजबानी बांग्लादेश को मिली थी। साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को हराकर पहली चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा किया था। 2000 में केन्या में आयोजित किया गया। इस बार न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी।
भारत और श्रीलंका बने थे संयुक्त विजेता
साल 2002 में चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन श्रीलंका में किया गया। इस बार भारत और श्रीलंका को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। फाइनल मैच में बारिश के चलते मैच को बीच में ही रद्द कर देना पड़ा। दोनों फाइनलिस्ट को चैंपियन घोषित किया गया। यही एक साल था, जब होस्ट नेशन ने चैंपियंस ट्रॉफी जीती। साल 2004 में इंग्लैंड में चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन किया गया। वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को हराकर खिताब जीता।