देवल संवाददाता, गोरखपुर। नगर निगम में शामिल 10 नए वार्डों में भी वित्तीय वर्ष से संपत्ति कर वसूला जाएगा। इसके लिए इन वार्डों में भी संपत्तियों का सर्वे कर जियो टैगिंग की जा रही है। 2018-19 में हुए सीमा विस्तार के अंतर्गत नगर निगम में 31 गांव शामिल हुए। इसके बाद 10 नए वार्डों का सृजन हुआ। इसमें रानीडीहा, खोराबार, बड़गो, संझाई, मोहनपुर, गुलरिहा, हरसेवकपुर, भरवलिया, देवी प्रसाद नगर और गायघाट वार्ड बनाया।
शहर के करीब 50 हजार मकानों को इसी वित्तीय वर्ष से बढ़ा हुआ संपत्ति कर देना होगा। 21 वार्डों में जीआईएस सर्वे का नोटिस भेजने का सिलसिला बहुत जल्द शुरू हो जाएगा। जीआईएस सर्वेक्षण कर रही फर्म मेसर्स आईटीआई प्राइवेट लिमिटेड ने वार्ड नंबर 41 माधोपुर और 56 सूरजकुंड धाम नगर के सर्वेक्षण की नोटिस उपलब्ध करा दिए हैं। इसी सप्ताह से उसका वितरण शुरू हो जाएगा।21 वार्डों में नोटिस का वितरण करने के बाद उसपर आने वाली आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने यह कार्य दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद बिल जमा कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। वर्तमान में शहर के पुराने 70 वार्डों में 47 में जीआईएस आधारित सर्वेक्षण आधारित संपत्तिकर का नोटिस वितरित कर आपत्तियों का निस्तारण कराया जा रहा है।