देवल संवाददाता, बूढ़नपुर/आजमगढ़। जिले के विकास खंड कोयलसा के मुखलिसपुर गांव में समाजसेवी एवं जनहितैषी स्वर्गीय सरजू उपाध्याय की पांचवीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक योगदान को याद किया।कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि स्वर्गीय सरजू उपाध्याय हमेशा समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे रहते थे। वह बिना किसी भेदभाव के लोगों की समस्याओं को सुनते और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करते थे। समाज के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा और सरल व्यवहार के कारण क्षेत्र के लोगों के बीच उनकी अलग पहचान थी।लोगों ने कहा कि सरजू उपाध्याय भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्य और लोगों के प्रति उनका समर्पण आज भी सभी के लिए प्रेरणा बना हुआ है। उनकी कमी पूरे क्षेत्र को आज भी खटकती है।पुण्यतिथि के अवसर पर जय राम उपाध्याय, उमेश उपाध्याय, चंद्रभान सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख वर्मन यादव, हरीश तिवारी, जंग बहादुर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय सरजू उपाध्याय के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान माहौल भावुक हो गया। लोगों ने कहा कि समाज के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले ऐसे व्यक्तित्व हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहते हैं।
