रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाड़ी पिछले साल टीम की जीत के जश्न के दौरान भगदड़ में मारे गए 11 लोगों की याद में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र में मैच से पहले अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे।
आरसीबी ने पिछले साल पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। इस जीत के जश्न के लिए चार जून को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में समारोह का आयोजन किया गया था। सुरक्षा की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण भगदड़ मच गई, जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद आरसीबी को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था।
सीईओ ने दी जानकारी
आरसीबी के सीईओ राजेश मेनन ने मंगलवार को कहा कि मैच वाले दिन खिलाड़ी अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे। मैच के दौरान वे अपनी जर्सी नंबर में ही नजर आएंगे। अभ्यास के दौरान सभी खिलाड़ियों की पीठ पर जर्सी नंबर 11 लिखा होगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा उस दिन वे काले रंग के धूप के चश्मे भी पहनेंगे। हम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 स्थायी सीटें बनाने पर भी विचार कर रहे हैं। ये उन 11 प्रशंसकों के लिए हैं जो हमेशा हमारे साथ रहेंगे।
दर्शकों के प्रबंधन पर सात करोड़ रुपये का निवेश
राजेश ने बताया कि फ्रेंचाइजी ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के अंदर और आसपास भीड़ प्रबंधन ढांचे को मजबूत करने के लिए करीब सात करोड़ रुपये का निवेश किया है। यह कदम पिछले वर्ष चार जून 2025 को टीम के आईपीएल खिताब जश्न के दौरान स्टेडियम के पास हुई भगदड़ में 11 प्रशंसकों की मौत के बाद उठाया गया है। मौजूदा आईपीएल सत्र में गत चैंपियन आरसीबी इस स्टेडियम में पांच मुकाबले खेलेगी, जिसकी शुरुआत शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध उद्घाटन मैच से होगी।
मेनन ने कहा कि हमने भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए लगभग सात करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जिसमें कई बैगेज स्कैनर और कमांड सेंटर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सत्र-पूर्व होने वाले लोकप्रिय अनबाक्स कार्यक्रम के रद किए जाने के बावजूद स्टेडियम में दर्शकों को सुरक्षित और सुगम अनुभव सुनिश्चित किया जाएगा।
