आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। अपराध की रोकथाम और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरायख्वाजा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम ने सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ फोटो वायरल करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 23 मार्च 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर देवेश कुमार सिंह के निकट पर्यवेक्षण में थाना सरायख्वाजा पुलिस टीम सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही थी।
इसी दौरान प्रभारी निरीक्षक सरायख्वाजा अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोशल मीडिया पर अवैध तमंचे के साथ फोटो वायरल करने के मामले में वांछित अभियुक्त सोनू कन्नौजिया पुत्र महेंद्र कन्नौजिया निवासी ग्राम बडऊर थाना सरायख्वाजा जनपद जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी रखे हुए है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या गैरकानूनी गतिविधि से संबंधित जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।