आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम साही के निर्देश पर सोमवार सुबह खाद्य एवं पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गोपालापुर गांव स्थित केशवपुर रेलवे फाटक के पास एक जलपान गृह पर छापेमारी कर अवैध गैस सिलेंडरों का बड़ा जखीरा बरामद किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस भी टीम के साथ मौजूद रही।
जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी (एआरओ) योगेंद्र यादव, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी जय प्रकाश पांडेय, सप्लाई इंस्पेक्टर धर्मापुर अर्चना सिंह, सप्लाई इंस्पेक्टर सदर आशुतोष त्रिपाठी तथा सप्लाई इंस्पेक्टर योगेंद्र यादव की संयुक्त टीम ने सुबह करीब 9 बजे केशव प्रसाद मौर्य जलपान गृह पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान दुकान के पीछे तथा रेलवे लाइन से महज करीब 10 मीटर की दूरी पर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण मिला। टीम ने मौके से 16 भरे हुए और 37 खाली गैस सिलेंडर, कुल 53 सिलेंडर बरामद किए। करीब दो घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान सिलेंडरों का यह जखीरा कब्जे में ले लिया गया।
बताया जा रहा है कि छापेमारी के समय दुकानदार इन सिलेंडरों से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। रेलवे पटरी के इतने नजदीक सिलेंडरों का भंडारण होने से सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही भी सामने आई है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
पूर्ति विभाग की इस कार्रवाई से आसपास के दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बनी रही और क्षेत्र में चर्चा का माहौल रहा।
इस संबंध में सप्लाई इंस्पेक्टर धर्मापुर अर्चना सिंह ने बताया कि सभी अवैध सिलेंडरों को कब्जे में ले लिया गया है। दुकानदार के विरुद्ध थाने पर तहरीर देते हुए विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।